@जे0 के0…….

Sonbhadra। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के संतृप्तकरण, डिजिटल उपस्थिति, सीसीटीवी व्यवस्था तथा विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला एवं विकास खंड स्तर पर गठित टास्क फोर्स निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर समय-समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के आवागमन के लिए समुचित मार्ग उपलब्ध नहीं है, ताकि वहां पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जा सके।
बैठक में डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा के दौरान घोरावल और दुद्धी विकास खंड में उपस्थिति प्रतिशत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रथम चरण में 200 विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाद में अन्य विद्यालयों तक इसका विस्तार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भोजन एवं अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कक्षा में निर्धारित समय-सारिणी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






