संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..
— शैक्षणिक हित, मूलभूत सुविधाएं एवं रोजगारोन्मुख व्यवस्थाओं की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति को एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर (दक्षिणी परिसर) के विद्यार्थियों की विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में परिसर के छात्रों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार एवं सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
एबीवीपी ने अपने ज्ञापन में बताया कि यह परिसर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्र में स्थित है, जहां उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधनों का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। परिषद ने फीस जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाने, शौचालयों की मरम्मत व स्वच्छता, छात्राओं के लिए सेनेटरी पैड की उपलब्धता, नियमित स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्लेसमेंट सेल की स्थापना जैसी मांगें रखीं।
इसके अतिरिक्त सह-शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन, बस सुविधा में समानता, कंप्यूटर लैब एवं वाई-फाई की व्यवस्था, विज्ञान संकाय की शुरुआत, पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण, परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने तथा परिसर के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।
एबीवीपी ने यह भी मांग की कि विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया जाए, जिससे छात्र अपनी समस्याएं ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज कर सकें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि छात्रहित में इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुदृढ़ और सुरक्षित हो सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सोनभद्र विभाग संगठन मंत्री विवेक, जिला प्रमुख अपर्णा त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार सोनकर, परिसर इकाई अध्यक्ष साजन सहवाल, जिला सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक द्विवेदी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दीपांशु पांडेय उपस्थित रहे।