रेणुकूट/सोनभद्र.@अमिताभ मिश्रा……

स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सोमवार की शाम नगर पंचायत द्वारा व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई गई। बदलते मौसम के कारण नगरवासी पिछले कुछ दिनों से मच्छरों की समस्या से काफी परेशान थे, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई थी।
नगर पंचायत को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और मुर्धवा व खाड़पाथर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में फॉगिंग अभियान चलाया गया। फॉगिंग के दौरान टीम ने गलियों और मुख्य सड़कों पर दवा का छिड़काव कर मच्छरों को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मच्छरों के कारण शाम के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था।
फॉगिंग से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जरूरत के अनुसार अन्य वार्डों में भी फॉगिंग कराई जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।