@जे0 के0…..

Sonbhadra । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत सोनभद्र में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा को रंगमंच पर जीवंत किया जाएगा।
रविवार को घोरावल विधानसभा क्षेत्र के केकराही, करमा और मधुपुर में नाट्य मंचन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। घोरावल विधानसभा में 20 से 23 सितंबर तक, राबर्ट्सगंज विधानसभा में 24 से 27 सितंबर, ओबरा विधानसभा में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तथा दुद्धी विधानसभा में 2 से 5 अक्टूबर तक नाट्य मंचन प्रस्तावित है।
नाटक के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया जाएगा।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि कुशल कलाकार अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से प्रेरक प्रसंगों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेंगे।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष शंभू नारायण सिंह, महेश्वर चंद्रवंशी, जिला मंत्री प्रसन्न पटेल, अनिल सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।