@जेo केo/सोनभद्र……
— चौकी इंचार्ज की तहरीर पर केस दर्ज, कोतवाली से चंद दूरी पर वारदात

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पकड़ा गया आरोपी अमन पांडेय, निवासी विकासनगर (रॉबर्ट्सगंज) है, जिसका मूल पता ओइनी चौबे, थाना करमा बताया गया है।
पूछताछ में अमन पांडेय ने घटना के लिए सिविल लाइन रोड निवासी अनमोल शुक्ला को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसकी आगे-पीछे की दोनों नंबर प्लेट डिकी में रखी मिलीं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह, कांस्टेबल विकास सिंह पटेल और होमगार्ड चालक श्याम बहादुर तिवारी के साथ बढ़ौली चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार भी मौके पर पहुंच गए।
इसी बीच उरमौरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की एक कार आती दिखी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। आरोप है कि चालक के बगल में बैठे युवक ने “दबा दो” कहते हुए गाड़ी तेज करने के लिए उकसाया।
हालांकि, पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते खुद को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और दलित बस्ती पूरब मोहाल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। इस दौरान अनमोल शुक्ला मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।