संवाददाता@आनंद गुप्ता….

विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली टोला टहरिया खौली गांव में मंगलवार सुबह शौच के लिए गई 55 वर्षीय महिला पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

महुली टोला टहरिया खौली निवासी चांदमुन्नी (55) पत्नी स्व. कामेश्वर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। शौच के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय अचानक जंगल की ओर से निकले जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। सुअर ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद जंगली सुअर जंगल की ओर भाग गया।

महिला के घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में जंगली सुअर की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।