@जेo केo/सोनभद्र……
— बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

Sonbhadra । जनपद के कोन थाना क्षेत्र में बिजली पोल के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से मां समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोन थाना क्षेत्र के ससनई गांव में सुल्तानी नामक महिला घर से पानी लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान उसका दो वर्षीय बेटा अभि (पुत्र राम प्रवेश) भी पीछे-पीछे चल पड़ा। रास्ते में लगे बिजली के पोल के स्टे वायर में करंट दौड़ रहा था, जिसे मासूम अभि ने अनजाने में पकड़ लिया और वह करंट की चपेट में आ गया।
बेटे को तड़पता देख मां सुल्तानी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी स्टे वायर के संपर्क में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं मां और भाई को इस हालत में देख तीन वर्षीय बहन अर्चना भी मौके पर पहुंच गई और वह भी करंट की चपेट में आ गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि खुले तार और करंट युक्त स्टे वायर लंबे समय से खतरा बने हुए हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।