म्योरपुर/सोनभद्र.@संदीप अग्रहरी……

शनिवार को रात लगभग 8 बजे थाना क्षेत्र के म्योरपुर पतेरीटोला के पास में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना में बाइक सवार म्योरपुर के पटेरीटोला निवासी शैलेश (17) और संतोष (20) तथा बबनडीहा निवासी चंद्रशेखर आजाद घायल हुए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार घघरी निवासी ओमकार (22) और राकेश गुप्ता (22) भी चोटिल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।