मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जिलाधिकारी के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग की ओर से बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता एवं औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान राबर्ट्सगंज क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, रोडवेज, मंदिर और प्रमुख चौराहों पर लोगों को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान टीम ने लोगों को बताया कि संकट में फंसी महिला अथवा भटका हुआ बच्चा मिलने पर तत्काल आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना दी जा सकती है। इन सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को पुलिस सहायता, सुरक्षित स्थान, चिकित्सा, शेल्टर होम एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इसी क्रम में संत कीनाराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राबर्ट्सगंज में छात्र-छात्राओं के साथ विशेष जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और पीसीपीएनडीटी अधिनियम की जानकारी दी गई। साथ ही वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षित व्यवहार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक दीपिका सिंह, काउंसलर रेनू, साधना मिश्रा, ससुधा गिरी, सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया, नागेंद्र सहित हब फॉर इम्पावरमेंट, वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्डलाइन टीम के सदस्य मौजूद रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







