मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन

वाणिज्यिक संस्थानों और दुकानों पर काम करने वाले मजदूरों को परिचय पत्र, न्यूनतम मजदूरी, इंश्योरेंस, साप्ताहिक अवकाश और हाजिरी कार्ड उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बुधवार को इंटक कार्यकर्ताओं ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी रॉबर्ट्सगंज कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

इसके बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी सोनभद्र एवं उपश्रमायुक्त मिर्जापुर क्षेत्र पिपरी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री को भी भेजी गईं।

इंटक जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने कहा कि दुकानों पर कार्यरत मजदूर लंबे समय से शोषण का सामना कर रहे हैं। कई मजदूर प्रतिदिन 10 से 12 घंटे काम करने के बावजूद पांच से 12 हजार रुपये मासिक मजदूरी पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रात में काम से लौटते समय परिचय पत्र नहीं होने के कारण पुलिस पूछताछ में भी उन्हें परेशानी होती है। संगठन ने दुकानदारों से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की। जिलाधिकारी एवं उपश्रमायुक्त से व्यापार मंडल के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश देव पांडेय और संचालन शमीम अख्तर खान ने किया। सभा में लालचंद, सुभाष भारती, हरिशंकर गौड़, मंजू देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







