चोपन/सोनभद्र.@कृपा शंकर पांडेय……

नगर पंचायत चोपन के गौरव नगर स्थित ईदगाह पर ईद के अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर नमाज अदा की।
सुबह से ही ईदगाह परिसर में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था, जहां सभी ने आपसी भाईचारे और अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के दौरान लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा अपने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। ईदगाह परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।