@जेo केo/सोनभद्र……

Sonbhadra । पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। यहां आलमारी का लॉक बदलने के बहाने घर में घुसे दो बदमाशों ने घर में मौजूद 17 वर्षीय किशोरी को बंधक बनाकर नगदी और गहने लूट लिए।
बताया जा रहा है कि गुरौटी रोड निवासी प्रेमनाथ मौर्य बाजार गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी मीना देवी और मां भी किसी काम से बाहर गई थीं। घर में उनकी बेटी लक्ष्मी अकेली थी। इसी दौरान शाम करीब चार बजे दो युवक मास्क लगाकर घर पहुंचे और खुद को आलमारी का लॉक बदलने वाला बताने लगे।
किशोरी ने जब पिता को फोन करने की बात कही तो दोनों बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर व मुंह बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी खोलकर उसमें रखा करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो लड़की को आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो किशोरी का हाथ-पैर बंधा था और आलमारी खुली पड़ी थी। परिजनों ने उसे बंधन मुक्त किया, जिसके बाद पूरी घटना की जानकारी हुई।
मामले में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।