@जेo केo/सोनभद्र……

Sonbhadra । चोपन थाना क्षेत्र के अम्मा टोला में देर रात सिलेंडर ब्लास्ट होने से चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अम्मा टोला में स्थित एक चाय-पान की गुमटी में बिजली के तार से शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई।
आग की चपेट में गुमटी में रखा गैस सिलेंडर आ गया और कुछ ही देर में जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। घटना में कमलापति केवट (40) पुत्र शिवशंकर, शुभम (12) पुत्र रामप्रसाद, शंभवती (48) पत्नी रामप्रसाद और बसंत (42) पुत्र रामबली घायल हो गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने कमलापति केवट की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि सभी घायल आपस में रिश्तेदार हैं और घटना के समय गुमटी के पास मौजूद थे।