@जे0 के0……

Sonbhadra। श्रावण मास में शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को घोरावल थाना क्षेत्र स्थित शिवद्वार मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल की उपस्थिति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने मंदिर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से पूरे परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी भी कराई।

उन्होंने निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न होने पाए। पुलिस कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पूरे श्रावण मास के दौरान शिवद्वार मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।





