अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह

अनपरा-शक्तिनगर-रेणुकूट राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिबुलगंज स्थित मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के समीप रविवार अपराह्न तेज रफ्तार ट्रक ने राहगीर दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे दो राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद घायल युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन डायल 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी।इसके बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से संयुक्त अस्पताल डिबुलगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में घायल युवक जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा (पुत्र रमा शंकर विश्वकर्मा), निवासी रेहटा ने दम तोड़ दिया।वहीं दूसरे घायल युवक अजय गुप्ता पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता निवासी बैरपान का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अनपरा पुलिस ने मार्ग से जाम हटवाकर यातायात सुचारू कराया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।