घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी……

पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल के सभागार में बुधवार को कैरियर गाइडेंस मेला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र छात्राओं को कैरियर के संबंध में जानकारी दी गई, वहीं विद्यार्थियों द्वारा व्यवसायिक शिक्षा तथा विज्ञान शिक्षा से संबंधित दो दर्जन मॉडल प्रस्तुत किए गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक विपिन कुमार और विशिष्ट अतिथि एसआई रामज्ञान यादव ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शाखा प्रबंधक विपिन कुमार ने बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के बारे में बच्चों का मार्गदर्शन किया।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए बच्चों को हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा के दौरान ही भविष्य में किस तरह का रोजगार प्राप्त करना है या उन्हें किस क्षेत्र में जाना है, इसके लिए रणनीति बनाकर अध्ययन करने से सफलता मिलना आसान हो जाता है।
एसआई रामज्ञान यादव ने पुलिस विभाग में विभिन्न प्रकार की नौकरियों और रोजगार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र में रोजगार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। इसके लिए सही रणनीति व अध्ययन के साथ शारीरिक दक्षता जरूरी होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अनिल कुमार यादव और संचालन शिक्षक राजेंद्र प्रजापति ने किया। इस अवसर पर एसबीआई के सहायक प्रबंधक विवेक कश्यप, आशुतोष राय, महिला कांस्टेबल पूनम कुमारी, शिक्षक अजय कुमार, सच्चिदानंद, रविशंकर, खुर्शीद, अभिनवराय, डॉ राजन चतुर्वेदी, संतोष कुमार, हरिनारायण इत्यादि मौजूद रहे।