अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…..

अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा–रांची राज्य मार्ग पर बंजारा रिसॉर्ट के समीप बुधवार की देर रात बड़ा हादसा टल गया।सड़क किनारे खड़े एक बल्कर वाहन पर अचानक हाईटेंशन विद्युत तार गिरने से उसके टायर में आग लग गई। देखते ही देखते टायर धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बल्कर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पास के होटल में नाश्ता करने गया था।इसी दौरान ऊपर से गिरी हाईटेंशन तार वाहन के टायर से संपर्क में आ गई और आग भड़क उठी। कुछ देर बाद जब चालक वाहन की ओर लौटा तो टायर में लगी आग देखकर घबरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।घटना रात करीब 9:0 बजे की बताई जा रही है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।