मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन……

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में 13 से 16 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं 13 और 14 अगस्त को मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना अधिक है। 14 अगस्त को भी भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। 15 और 16 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कच्चे मकानों को नुकसान तथा बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और मौसमी नदी-नालों से दूर रहें। रपटे, पुलिया या नदी-नाले में तेज बहाव होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें। भारी बारिश में अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले मार्गों पर वाहन न ले जाएं।

वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, नदी-तालाब के किनारे और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। बिजली के तारों, खंभों और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों से भी दूरी बनाए रखें।

प्रशासन ने किसानों से खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भारी बारिश के दौरान अनावश्यक कृषि कार्य और रासायनिक दवाओं के छिड़काव से बचने की सलाह दी है। संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।









