संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी……

डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के लंगड़ा मोड़ के पास बुधवार दोपहर बाद एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार लंगड़ा मोड़ निवासी सकीना पत्नी हामीद का शव बुधवार को उसके घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी होने पर इसकी सूचना डाला पुलिस चौकी को दी गई।

सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। विवाहिता ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।








