@जे0 के0…..

SONBHADRA। जनपद सोनभद्र को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग को लेकर जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।

इस दौरान प्रदेश प्रमुख महासचिव डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य ने कहा कि सोनभद्र में सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण अभी भी बड़े पैमाने पर धान की रोपाई नहीं हो सकी है। पानी के अभाव में धान की नर्सरियां सूखकर खराब हो रही हैं।

बारिश पर आधारित बांध और बंधियों की नहरों से सिंचाई वाले क्षेत्रों में उपलब्ध पानी के सहारे कुछ हद तक धान की खेती हुई है, लेकिन अब वहां भी फसल सूखने की स्थिति में है। उन्होंने सरकार से सोनभद्र को तत्काल सूखाग्रस्त जिला घोषित करने की मांग की।

वाराणसी मंडल प्रभारी सुमंत सिंह मौर्य ने कहा कि सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों के सभी प्रकार के कर्ज माफ किए जाएं तथा आगामी फसल की खेती के लिए किसानों को पर्याप्त अनुदान दिया जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबरकर खेती कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रभारी श्रीपति विश्वकर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विजयमल मौर्य, जिला महासचिव रविरंजन शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष मंगला प्रसाद मौर्य, बलिराम मौर्य प्रधान, मनोज मौर्य, चंद्रमा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










