@जेo केo/सोनभद्र……
— कोतवाली में शिकायत लेकर आ रहे आगंतुकों से सम्मानपूर्वक व्यवहार/वार्ता कर नियमपूर्वक समस्याओं को हल किया जाय- अनिल कुमार, ASP

Sonbhadra । आज अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाने पर संधारित अभिलेखों, अभिरक्षा व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस, लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, भोजनालय कक्ष तथा थाना परिसर की साफ-सफाई आदि का गहनता से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण उपरांत थाना प्रभारी रॉबर्ट्सगंज सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाए रखने, अभिलेखों के समुचित संधारण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण तथा जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा मिशन शक्ति टीम को निर्देशित किया गया कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाए जाने हेतु महिलाओं की चौपाल, जन जागरूकता कार्यक्रमों एवं अन्य माध्यमों से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाए।
साथ ही मिशन शक्ति केन्द्र पर प्राप्त महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।