मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..
— कुसुम्हा-लखनवार मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान, जल्द निर्माण न होने पर जिला मुख्यालय पर आंदोलन की चेतावनी

राबर्ट्सगंज विकास खंड के कुसुम्हा से लखनवार के बीच जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा राबर्ट्सगंज-401 क्षेत्र में आने वाले इस मार्ग से कई ग्राम सभाओं के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से कुसुम्हा से लखनवार के बीच सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की। विवेक सिंह पटेल ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन और अनशन भी किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

प्रदर्शन में प्रयाग सिंह, शिवकुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, विनोद मौर्या, राम सिंह, कृपाशंकर सिंह, महेंद्र सिंह, छेवनाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, जगदीश लाल, राजकुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुभाष सिंह, हरिशंकर सिंह, राम मनी सिंह, रामप्रवेश सिंह, संदीप कुमार सिंह, आयुष कुमार, समश कुमार सिंह, सरजू सिंह,
बुद्धिनाथ सिंह, अनिल कुमार सिंह, दिनानाथ चौधरी, हिरामन सिंह, मुन्ना सिंह, मुनू पाठक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने “सड़क बनाओ—गांव बचाओ” का नारा बुलंद किया।







