संवाददाता@उमेश सिंह….

लायंस क्लब रेणुसागर की ओर से अनपरा तापीय परियोजना परिसर में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क दंत परीक्षण एवं मुख स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाया गया।शिविर में चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के दांतों और मसूड़ों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

इंडियन डेंटल एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष डॉ. संगीता भारती,सहायक सचिव डॉ. भव्य श्रीवास्तव और डॉ. जोशुआ लियो ने विद्यार्थियों की दंत जांच की। चिकित्सकों ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित आहार लेने और नियमित रूप से दांतों की जांच कराने के फायदे बताए।साथ ही मुख स्वच्छता के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बलवंत सिंह ने लायंस क्लब रेणुसागर एवं चिकित्सकों की टीम का स्वागत करते हुए शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।चिकित्सकों ने कहा कि नियमित दंत परीक्षण और सही मुख स्वच्छता अपनाकर दांतों एवं मसूड़ों से जुड़ी कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ मुस्कान और बेहतर मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।







