संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बड़नगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा यात्रा म्योरपुर पहुंची। यहां स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। बाइक से निकली इस यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और अंत्योदय का संदेश दिया गया। इस दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष और सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत किया। नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों तक जनकल्याण की सोच पहुंचाने का संदेश दिया। लोगों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद के लिए आगे आने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

यात्रा के दौरान युवाओं से संवाद भी किया गया। उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि सेवा यात्रा का उद्देश्य केवल जनसंपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।
म्योरपुर में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। काफी देर तक लोग कार्यक्रम देखते रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद सेवा यात्रा अपने अगले पड़ाव वाराणसी की ओर रवाना हो गई।
इस मौके पर एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, मंडल अध्यक्ष रणजीत पनिका, शारदा खरवार, सुषमा सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहरलाल खरवार, बीडीओ रामविलास चौरसिया, एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक सिंह, भाजपा युवा नेता गणेश जायसवाल, होरीलाल पासवान, सुधीर कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।