@जे0 के0/@अनिल अग्रहरी….

Sonbhadra। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर-वाराणसी यूपी सेवा यात्रा का सोनभद्र के डाला में भव्य स्वागत किया गया।
सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में 25 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ‘वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत करीब 500 कार्यकर्ता 25-25 की टोली में मोटरसाइकिल से देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि गांव से लेकर शहर तक प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिले और वह उनका लाभ उठा सके। कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों से संवाद कर योजनाओं की पात्रता, लाभ और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी साझा की जा रही है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान संदीप सिंह पटेल, मुकेश जैन, संतोष कुमार, धीरेंद्र सिंह पटेल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।