• Privacy Policy
Sonebhadra Live
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
Sonebhadra Live
No Result
View All Result

UP Top News Live: इकाना में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच कल: अभेद्य किले में तब्दील हुआ स्टेडियम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस व ड्रोन तैनात

Admin by Admin
October 5, 2026
in उत्तर प्रदेश
0
UP Top News Live: इकाना में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच कल: अभेद्य किले में तब्दील हुआ स्टेडियम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस व ड्रोन तैनात


दिल्ली पहुंचीं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा, खरगे, राहुल और प्रियंका गांधी से मिलकर लिया मार्गदर्शन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान आराधना मिश्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से अलग-अलग भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया.

आराधना मिश्रा राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर संगठन को प्रदेश में मजबूत करने की भरोसा दी. साथ ही बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद कहा.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ यूपी चीफ आराधना मिश्रा.

यूपी कांग्रेस चीफ आराधना मिश्रा ने दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात की.

AC कमरों वाला नेता नहीं…, BJP के राज्यसभा उम्मीदवार गोपी कृष्ण पाण्डेय ने कानपुर को ‘उद्योग नगरी’ बनाने का लिया संकल्प
भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कानपुर के गोपी कृष्ण पाण्डेय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि एक आम कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है. पाण्डेय ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष निवेदन कर कानपुर को उसका खोया हुआ ‘उद्योग नगरी’ का गौरव वापस दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में उनका असली जनाधार सबके सामने आ जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे एसी कमरों में बैठकर राजनीति करने वाले नेता नहीं हैं, बल्कि हमेशा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर जुड़कर काम करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे.

लखनऊ: इकाना स्टेडियम में मंगलवार को भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा टी20 मुकाबले
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कल होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले के लिए सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पूरे इलाके को 3 सुपर जोनल, 6 जोनल, 16 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटकर एक मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है. क्राउड मैनेजमेंट और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया है, जिसके तहत शहीद पथ और स्टेडियम के आसपास दोपहर 3 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए 4 डीसीपी, 9 एडीसीपी, 27 एसीपी, 82 इंस्पेक्टर और करीब एक हजार से अधिक महिला-पुरुष उपनिरीक्षक व कांस्टेबल तैनात किए गए हैं, जबकि यातायात सुचारू रखने की जिम्मेदारी अलग से एक डीसीपी व भारी ट्रैफिक पुलिस बल के हवाले रहेगी. इसके अलावा 7 कंपनी पीएसी, 2 एटीएस टीम, एक एंटी-ड्रोन, 3 बीडीडीएस, एक एंटी-माइन और 6 एंटी-सबोटाज टीमें मोर्चे पर मुस्तैद रहेंगी, जो कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से पूरे समय चप्पे-चप्पे की कड़ी निगरानी करेंगी.

जौनपुर में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. जिले में अलग-अलग जगहों से डेंगू के पांच नए मरीज मिले हैं. इसके साथ ही 2026 में अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है. नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को बेहतर इलाज देने की तैयारी तेज कर दी है. वहीं, डेंगू से बचाव और मच्छरों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी सक्रिय किया गया है.

सुल्तानपुर: दो गुटों में विवाद के बाद फायरिंग, लाठी-डंडे से कई घायल
सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव में दो गुटों के बीच विवाद के बाद फायरिंग से हड़कंप मच गया. नगरी-अखंडनगर मार्ग पर गोली चलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. विवाद में लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

संभल: साइबर फ्रॉड के पैसे निकालने में पेट्रोल पंपों का इस्तेमाल, पांच गिरफ्तार
संभल में साइबर फ्रॉड की रकम को ठिकाने लगाने के लिए पेट्रोल पंपों के खातों का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ है. आरोप है कि आरोपी पेट्रोल पंपों के खातों में ऑनलाइन रकम मंगवाकर उसे कैश में निकालते थे और साइबर ठगों तक पहुंचाते थे. अलग-अलग पेट्रोल पंपों के कर्मचारियों समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. एक पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले का खुलासा किया.

सोनभद्र: जमीन कब्जे के आरोपों से गरमाया मामला, भाजपा नेता पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
सोनभद्र में करीब 250 बीघा जमीन को लेकर विवाद सामने आया है. ग्रामीणों ने एक भाजपा नेता पर दस्तावेजों में कथित हेरफेर कर जमीन की रजिस्ट्री कराने और कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का दावा है कि विवादित जमीन में आदिवासी और दलित परिवारों की जमीन भी शामिल है. उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच कराने और गड़बड़ी या अवैध कब्जा मिलने पर कार्रवाई की मांग की है.

प्रयागराज: पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा पति, तीन स्कूटियों में लगाई आग
प्रयागराज में पत्नी से नाराज पति ने उसके मायके पहुंचकर घर के बाहर खड़ी तीन स्कूटियों में आग लगा दी. घटना बहादुरगंज के लोहिया पांडेय का हाता इलाके की बताई जा रही है. आरोप है कि युवक ने कुछ महीने पहले युवती से लव मैरिज की थी, लेकिन विवाद के बाद पत्नी मायके में रहने लगी थी. सोमवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी वहां पहुंचा और पेट्रोल डालकर तीनों स्कूटियों को आग लगा दी. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सीतापुर: ऑपरेशन मुस्कान के तहत 10 लाख के 50 मोबाइल बरामद
सीतापुर के महमूदाबाद में पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत करीब 10 लाख रुपये कीमत के 50 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया. सीओ कपूर कुमार ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे. लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई.

अमेठी: गले में पोस्टर लटकाकर डीएम कार्यालय पहुंचा 80 वर्षीय बुजुर्ग, जमीन बचाने की लगाई गुहार
अमेठी में 80 वर्षीय बुजुर्ग गले में पोस्टर लटकाकर डीएम कार्यालय पहुंचा और अपनी जमीन बचाने की गुहार लगाई. बुजुर्ग ने न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी. मामला पीपरपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव का है. डीएम ने बुजुर्ग की शिकायत की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

अंबेडकरनगर: तमंचे के बल पर मोबाइल लूटकर भागे बदमाश, हादसे में राहगीर की मौत
अंबेडकरनगर के आलापुर थाना क्षेत्र में खेत की सिंचाई कर रहे युवक से तमंचे के बल पर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. भागने के दौरान बदमाशों की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई, जिसमें राहगीर की मौत हो गई. हादसे में चारों आरोपी भी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है. ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा करने के दौरान फायरिंग किए जाने की बात कही, हालांकि पुलिस ने फायरिंग से इनकार किया है.

उन्नाव: कलेक्ट्रेट गेट पर युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, जमीन कब्जाने का लगाया आरोप
उन्नाव कलेक्ट्रेट के बाहर एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की. सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते युवक को बचा लिया. युवक ने मियांगंज ब्लॉक प्रमुख और उनके भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने लेखपाल पर विरोधियों के साथ मिलकर करीब साढ़े छह बीघा जमीन पर जेसीबी चलवाकर कब्जा कराने का आरोप लगाया. युवक ने माखी पुलिस पर उत्पीड़न और दबंगों पर कई फर्जी मुकदमे दर्ज कराने के आरोप भी लगाए. एडीएम सुशील गोंड ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं.

सोनभद्र: पत्नी की मौत के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, चाकू बरामद
सोनभद्र के अनपरा में पत्नी नैना कुमारी की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति राजरूप धरिकार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक महिला की मौत के बाद मामले में धारा 105 बीएनएस बढ़ाई गई. आरोपी को डिबुलगंज से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया.

अयोध्या: मंदिरों के सरकारी नियंत्रण के खिलाफ संतों की आवाज, प्रबंधन मुक्त करने की मांग
अयोध्या में हिंदू मंदिरों के सरकारी नियंत्रण को लेकर संतों ने सवाल उठाए हैं. अमरकंटक में शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की मांग उठाई, जिसका अयोध्या के संतों ने समर्थन किया. हनुमानगढ़ी के संत राजू दास ने सवाल उठाया कि केवल हिंदू मंदिरों पर ही सरकारी नियंत्रण क्यों हो. संतों ने मंदिरों के संचालन की जिम्मेदारी धार्मिक संस्थाओं को देने और मंदिरों के चढ़ावे का इस्तेमाल गुरुकुल, शिक्षा और सनातन सेवा जैसे कार्यों में करने की मांग की है.

महोबा: लहचूरा बांध का जलस्तर अधिकतम स्तर पर पहुंचा, दो फाटक खोले गए
महोबा में यूपी-एमपी सीमा पर स्थित लहचूरा बांध का जलस्तर 182.30 मीटर के अधिकतम स्तर पर पहुंच गया. इसके बाद बांध के दो फाटक खोलकर धसान नदी में 2,100 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद महोबा और झांसी के 15 तटीय गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने ग्रामीणों और मवेशियों को नदी के पास नहीं जाने की हिदायत दी है. पानी बढ़ने से हमीरपुर की बेतवा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की आशंका है. सिंचाई विभाग की टीम बांध पर 24 घंटे निगरानी कर रही है.

सुल्तानपुर: शिक्षक दंपति हत्याकांड का खुलासा, स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक ने रची थी साजिश
सुल्तानपुर के कादीपुर में शिक्षक दंपति हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक स्कूल के ही कंप्यूटर शिक्षक राकेश कुमार यादव ने पड़ोसी आशीष यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. बताया गया कि आरोपी भारी कर्ज और पैसों की लालच में थे. चोरी का विरोध करने पर दंपति पर लोहे के सब्बल और हथौड़ी से हमला किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से लूटी गई नकदी और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किए गए हैं.

देवरिया: मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
देवरिया के महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में दूसरी मंजिल से गिरकर एक मरीज की मौत हो गई. मृतक की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी रामानंद चौहान के रूप में हुई है. वह पुरुष मेडिकल वार्ड में भर्ती था. देर रात खिड़की से गिरने की घटना के बाद मरीजों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. वार्ड में भर्ती तीमारदारों ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है. डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही है.

जौनपुर में सीसीटीवी में कैद हुआ डीजल चोर गैंग, दो गिरफ्तार
जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र में NH-731 स्थित मिरसादपुर पेट्रोल पंप और हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गैंग का मामला सामने आया है. काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे चोर वाहनों के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर बड़े डिब्बों में डीजल भरते थे. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पेट्रोल पंप संचालक की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

इटावा में 14 घंटे में बरामद हुआ लापता 15 वर्षीय स्कूली छात्र
इटावा के बसरेहर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव से लापता 15 वर्षीय छात्र ऋतिक को पुलिस ने 14 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. किशोर के लापता होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगहों पर छानबीन की. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्र को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया. बेटे के मिलने पर परिजनों ने इटावा पुलिस का आभार जताया.

लखनऊ में भारी बारिश से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंच रहा राहत सामान
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लखनऊ के फैजुल्लागंज में भारी बारिश से प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य तेज कर दिया गया है. जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें इलाके में पहुंचकर प्रभावित लोगों की मदद कर रही हैं. परिवारों तक राशन किट पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है. डीएम, नगर आयुक्त और स्थानीय विधायक भी प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं.

बलिया में घर में छिपाकर रखे थे लाखों के पटाखे, प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
बलिया के रसड़ा में अवैध पटाखों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. CO रसड़ा और SDM की टीम ने तारकेश्वर जायसवाल के आवास से एक कमरे में रखे 85 बंद बोरे, 15 कार्टून और 5 खुली बोरियां बरामद की हैं. आरोप है कि बिना प्रशासन और अग्निशमन विभाग की NOC के पटाखों की बिक्री की जा रही थी. पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

अयोध्या में चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, अवधेश प्रसाद की अगुवाई में पैदल मार्च
चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने दो दिवसीय प्रदर्शन शुरू किया है. अयोध्या में सपा सांसद अवधेश प्रसाद की अगुवाई में गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला जा रहा है. सपा ने यूपी उपचुनावों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कार्रवाई नहीं होने पर विरोध जताया है. पार्टी के मुताबिक, सोमवार को यूपी के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और मंगलवार को दिल्ली में संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च किया जाएगा, जिसकी अगुवाई अखिलेश यादव करेंगे.

कानपुर देहात में पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मारपीट का वीडियो वायरल
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई. सामने आए वीडियो में कुछ लोग युवक को रस्सी से घसीटते और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटते नजर आ रहे हैं. परिजन घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की बहन रजनी की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement

अयोध्या में कमरे में फंदे से लटका मिला युवती का शव, आत्महत्या की आशंका
अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत हो गई. उसका शव घर के कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला. बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है.

आगरा में चुनाव आयोग के प्रदर्शन की रणनीति पर सपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत
आगरा के बाह क्षेत्र स्थित SS गार्डन में सपा की रणनीतिक बैठक के दौरान कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. चुनाव आयोग के घेराव और प्रदर्शन की रणनीति को लेकर बैठक बुलाई गई थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. घटना के बाद बैठक में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

लखीमपुर खीरी में खेत में निकला 15 फीट लंबा अजगर, मजदूरों में मची भगदड़
लखीमपुर खीरी के निघासन कोतवाली क्षेत्र के दुबहा गांव में खेत में काम कर रहे मजदूरों के बीच उस समय भगदड़ मच गई, जब उन्हें करीब 15 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को रेस्क्यू किया. बाद में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.

बरेली में इंस्टाग्राम रील ने खोला राज, डेढ़ साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
बरेली में हत्या के मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू कश्यप उर्फ फुन्नू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि उसने चार साथियों के साथ 28 फरवरी 2025 को विकास की हत्या की थी. उसके चार साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं. सोनू अलग-अलग राज्यों में मेलों में दुकान लगाकर पुलिस से बच रहा था, लेकिन इंस्टाग्राम पर उसकी वायरल रील पुलिस के हाथ लग गई. रील के जरिए पुलिस ने आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया.

इटावा में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर सीमेंट कारोबारी से 21 लाख की ठगी
इटावा में साइबर ठगों ने CBI की कार्रवाई और जेल भेजने का डर दिखाकर सीमेंट कारोबारी से 21 लाख रुपये ठग लिए. ठगों ने कारोबारी को बताया कि उसके नाम से जुड़े एक फर्जी बैंक खाते में 6.80 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है. इसके बाद कार्रवाई से बचाने के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली. मामले में साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने ठगी की रकम में से 7 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं और मामले की जांच कर रही है.

गाजियाबाद: दशहरे के बम बनाने के दौरान जोरदार धमाका, तीन लोग गंभीर घायल
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में दशहरे के लिए बम और रावण के बम बनाए जाने के दौरान जोरदार धमाका हो गया. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ यूनिवर्सिटी में शिक्षकों की लेटलतीफी पर सख्ती, कुलपति करेंगे औचक निरीक्षण
लखनऊ यूनिवर्सिटी में कक्षाओं के नियमित संचालन को लेकर अब सख्ती की तैयारी है। कुलपति जेपी सैनी खुद विभागों में औचक निरीक्षण करेंगे। वह बिना पूर्व सूचना के विभागों में पहुंचकर टाइमटेबल के अनुसार शिक्षकों की मौजूदगी जांचेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों से पढ़ाई को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। बिना कारण अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों से जवाब मांगा जाएगा। विभागाध्यक्षों के साथ विश्वविद्यालय स्तर पर भी निगरानी की जाएगी। जल्द ही सरप्राइज इंस्पेक्शन शुरू करने की तैयारी है.

यूपी में कौशल विकास केंद्रों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार, भुगतान में देरी का विरोध
उत्तर प्रदेश में कौशल विकास केंद्रों के ट्रेनिंग पार्टनर्स ने आज से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। प्रशासनिक उदासीनता और लंबित भुगतान के विरोध में ACT ने प्रदेशव्यापी तालाबंदी का फैसला लिया है। ट्रेनिंग पार्टनर्स ने कहा है कि 10 सूत्रीय मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने तक प्रशिक्षण केंद्र बंद रहेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में लंबित भुगतान का तत्काल निपटारा, एडवांस भुगतान, डिबार ट्रेनिंग पार्टनर्स की बहाली, अटेंडेंस में लचीलापन और बायोमेट्रिक डिवाइस अनलॉक करना शामिल है। इसके अलावा नई बायोमेट्रिक डिवाइस जोड़ने का विकल्प और स्टार्टअप DD राशि के समायोजन की भी मांग की गई है.

बागपत में पुलिस मुठभेड़, शराब ठेके पर लूट करने वाला बदमाश घायल
बागपत कोतवाली क्षेत्र के सुजरा मार्ग पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से रिंकू नाम का बदमाश घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुछ दिन पहले शराब के ठेके पर तमंचा दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से अवैध तमंचा, लूटे गए 3200 रुपये और बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

अमरोहा में बस-ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण टक्कर, दो यात्रियों की मौत
अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित मोहम्मदाबाद फ्लाईओवर पर सुबह करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हो गया। मनाली से नेपाल जा रही यात्री बस आगे चल रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। बस में मनाली में मजदूरी करने वाले नेपाली नागरिक सवार थे। हादसे में एक यात्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि लंबी यात्रा के कारण चालक को झपकी आने से हादसा हुआ.

कानपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौत
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। दोनों दामाद के घर से लौट रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए LLR अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.

कासगंज में शहतूत के पेड़ की छंटाई को लेकर खूनी संघर्ष, पांच लोग घायल
कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला लाले में शहतूत के पेड़ की छंटाई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सुल्तानपुर में नवजात की मौत के मामले में क्लिनिक संचालक दंपती गिरफ्तार
सुल्तानपुर के चांदा क्षेत्र स्थित न्यू आयुषी पाली क्लिनिक में प्रसूता के नवजात शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अस्पताल संचालक दंपती दिनेश यादव और डॉ. रंजना यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक पर हंगामा किया था। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की है।

लखनऊ यूनिवर्सिटी के न्यू कैंपस में फिर हंगामा, मेस में एक्सपायरी पनीर मिलने का आरोप
लखनऊ यूनिवर्सिटी के न्यू कैंपस स्थित कौटिल्य छात्रावास के मेस में एक्सपायरी पनीर इस्तेमाल किए जाने के आरोप को लेकर रविवार रात छात्रों ने हंगामा किया. छात्रों के मुताबिक पनीर के पैकेट पर 3 अक्टूबर की एक्सपायरी डेट दर्ज थी, इसके बावजूद इसी पनीर से सब्जी बनाई जा रही थी. नाराज छात्रों ने हॉस्टल गेट पर प्रदर्शन किया और पनीर का पैकेट भी दिखाया. छात्रों ने मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई. इससे पहले कैलाश हॉस्टल की छात्राओं ने भी मेस के खाने में कीड़े और बिच्छू मिलने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया था.

कानपुर में पारिवारिक कलह के चलते सरकारी डॉक्टर ने गोली मारकर की आत्महत्या
कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में सरकारी डॉक्टर संदीप ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. संदीप अकबरपुर गवर्नमेंट हॉस्पिटल में वरिष्ठ सर्जन के पद पर तैनात थे. गोली चलने की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया. परिजन और अन्य लोग आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है.

उमेश पाल हत्याकांड: 5 लाख के इनामी शूटर अरमान की आज कोर्ट में पेशी
प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल और दो सरकारी गनरों की हत्या के मामले में पुलिस 5 लाख रुपये के इनामी शूटर अरमान को आज जिला कोर्ट में पेश करेगी। धूमनगंज थाना पुलिस अरमान को एडीजे एससी-एसटी कोर्ट में पेश करेगी, जहां इस हत्याकांड का ट्रायल चल रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर अरमान को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन से कोर्ट लाया जाएगा। कोर्ट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस पेशी के बाद अरमान की कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है.

बहराइच में अज्ञात वाहन की टक्कर से पीआरडी जवान की मौत
बहराइच-बाराबंकी हाईवे पर सड़क हादसे में पीआरडी जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जवान ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहा था, तभी कैसरगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है.

हापुड़ में गोकशों से पुलिस की मुठभेड़, तीन बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के पावटी गांव के जंगल में चेकिंग के दौरान पुलिस की गोकशों से मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक रोकने का इशारा करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने नईम, जमील, बिलाल, मोहम्मद परवेज और सोनू को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक जीवित पशु, तीन तमंचे, कार, बाइक और पशु कटान के उपकरण बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं.

इटावा में सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, चेक बाउंस मामले में कार्रवाई
इटावा में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बसरेहर पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत से जारी वारंट के आधार पर की. मामला बैंक चेक बाउंस से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने राजेश कुमार को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई है.

सोनभद्र में पत्नी की हत्या कर पति फरार, चरित्र पर संदेह को लेकर हुआ था विवाद
सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में पति पर पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि चरित्र पर संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पति राजरूप धरिकार ने पत्नी मैना कुमारी के पेट में चाकू से वार कर दिया. गंभीर हालत में 24 वर्षीय मैना को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पति फरार है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. महिला की मौत से उसके दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया.

चुनाव आयोग के विरोध में आज अयोध्या में सपा का पैदल मार्च, अवधेश प्रसाद करेंगे नेतृत्व
अयोध्या में चुनाव आयोग के विरोध में समाजवादी पार्टी आज पैदल मार्च निकालेगी. सपा सांसद अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला जाएगा. पार्टी के मुताबिक यह प्रदर्शन चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है. इसके बाद 6 अक्टूबर को दिल्ली में भी सपा सांसदों की ओर से प्रदर्शन प्रस्तावित है. अखिलेश यादव के निर्देश पर सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग तक पैदल मार्च करेंगे.

औरैया में फर्जी दरोगा समेत दो गिरफ्तार, बिजली चोरी का मामला निपटाने के नाम पर ठगी
औरैया पुलिस ने बिजली चोरी का मामला निपटाने के नाम पर 15 हजार रुपये ठगने वाले फर्जी दरोगा समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक निगड़ा गांव में 20 अगस्त को चेकिंग के बाद बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था. इसके बाद फर्जी दरोगा बनकर आरोपी ने मामले को निपटाने के नाम पर पीड़ित से 15 हजार रुपये वसूले. जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

औरैया में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मां की हत्या, बड़ा बेटा गिरफ्तार
औरैया के मलकपुर गांव में बुजुर्ग मां की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि 26 सितंबर को शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने मां पर ईंटों से हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने गहन जांच की और शक के आधार पर बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

जौनपुर में रुपया दोगुना करने का झांसा देने वाला गैंग सरगना गिरफ्तार
जौनपुर में रुपया दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गैंग के सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बरसठी पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से नकली नोट, विस्फोटक सामग्री, कार और मोबाइल बरामद किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस गैंग से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.



Source link

Post Views: 5
Previous Post

Madhuri Dixit Movies after Marriage on OTT:ओटीटी पर मौजूद 7 फिल्में, जिनमें माधुरी दीक्षित ने शादी के बाद बिखेरा जलवा, हर मूवी में अदाकारी से लूटा दिल

Next Post

सोनभद्र. 25 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रा का किया स्वागत

Next Post

सोनभद्र. 25 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रा का किया स्वागत

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  • Privacy Policy

© 2026 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.

error: Content is protected !!
No Result
View All Result
  • Privacy Policy

© 2026 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.