मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..
— मंडलवार आवासीय व्यवस्था को दिया अंतिम रूप, प्रतिभागियों को नहीं होगी परेशानी

70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को नगर स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संयुक्त शिक्षा निदेशक, विंध्याचल मंडल उदयभान ने अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े जिम्मेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों और शिक्षकों को प्रतियोगिता को सफल एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए मंडलवार आवासीय व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके तहत पीएम श्री राजकीय बालिका विद्यालय, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और विमला इंटर कॉलेज में विभिन्न मंडलों के प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

वहीं, एमवीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और आदर्श शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को रिजर्व में रखा गया है।आवासीय व्यवस्था की जानकारी सभी मंडलों के संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक और संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेज दी गई है। संबंधित विद्यालयों के अधिकारियों एवं शिक्षकों के नाम और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि प्रतिभागियों को आवास के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने संत जेवियर्स विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आनन्द कुमार जॉन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता स्थल एवं फील्ड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इससे पूर्व जे.डी. ने विशिष्ट स्टेडियम तियरा का भी निरीक्षण किया और वहां चल रही मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

बैठक में मंडलीय खेल सचिव राजवन सिंह, जिला खेल सचिव सुनील कुमार राव, सतीश कुमार सिंह और चन्द्रबली सिंह, प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार सिंह, संतोष कुमार, वन्दना सिंह तथा विद्यालय के व्यायाम शिक्षक जगदम्बा प्रसाद मौजूद रहे







