Last Updated:
Extra-Marital Affair Revenge: उत्तर प्रदेश के बरेली विवाहेतर संबंध खौफनाक मामला आया है. यहां एक शादीशुदा युवक को अपनी प्रेमिका की मांग ठुकराना भारी पड़ गया. प्रेमिका दबाव बना रही थी कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर ले. जब प्रेमी ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया, तो प्रेमिका गुस्से से आगबबूला हो गई. उसने साजिश के तहत अपने भाइयों को बुलाकर प्रेमी की लाठी-डंडों और ईंटों से बेरहमी से पिटाई करवा दी.
शादीशुदा प्रेमी ने शादी करने इनकार किया तो प्रेमिका ने तुड़वा दिए हाथ-पैर. (सांकेतिक)
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले (भोजीपुरा थाना क्षेत्र) में प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा खौफनाक अंजाम देखने को मिला है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां एक शादीशुदा युवक को अपनी प्रेमिका की एक नाजायज जिद ठुकराना इतना भारी पड़ा कि उसे अब अस्पताल के बिस्तर पर अपने टूटे हुए हाथ-पैरों के साथ जिंदगी और मौत से जूझना पड़ रहा है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम पप्पू है, जो पहले से ही शादीशुदा है. इसके बावजूद उसका इलाके की ही एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे प्रेमिका की मांगें बढ़ने लगीं. वह पप्पू पर लगातार दबाव बनाने लगी कि वह अपनी पहली पत्नी को तुरंत तलाक दे और उससे शादी कर ले. पप्पू बार-बार अपनी प्रेमिका को समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी.
साजिश के तहत बुलाया फिर
पीड़ित पप्पू के अनुसार, घटना वाले दिन वह इलाके के एक क्लीनिक पर दवा लेने जा रहा था. तभी उसकी प्रेमिका का फोन आया और उसने पप्पू को मिलने के बहाने एक सुनसान जगह पर बुला लिया. जब पप्पू वहां पहुंचा, तो प्रेमिका ने फिर से वही ‘तलाक और शादी’ वाली जिद शुरू कर दी. जब पप्पू ने दो टूक शब्दों में ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो प्रेमिका बौखला गई.
उसने पहले से ही छिपकर खड़े अपने भाइयों और उनके साथियों को इशारा कर दिया. इशारा मिलते ही प्रेमिका के भाइयों ने लाठी-डंडों से पप्पू पर जानलेवा हमला बोल दिया. उन्होंने पप्पू को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके दोनों हाथ और पैर टूट गए. इतना ही नहीं, हमलावरों ने ईंट मारकर उसका सिर भी फोड़ दिया और उसे अधमरा हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गए.
पिता ने दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट
राहगीरों की सूचना पर पप्पू के पिता जाकिर हुसैन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ बेटे को देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने आनन-फानन में बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. बेटे की इस निर्मम पिटाई से आक्रोशित पिता जाकिर हुसैन ने तुरंत भोजीपुरा थाने में प्रेमिका और उसके भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
