संवाददाता@विजय अग्रहरी…

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पठका गांव में शनिवार रात चोरों ने सैकड़ों वर्ष पुराने शिव मंदिर को निशाना बना दिया। मंदिर से शिवलिंग चोरी होने, हनुमानजी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने और पुराना घंटा गायब मिलने से रविवार सुबह क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंदिर में कुछ विवादित शब्द भी लिखे मिले। घटना से आक्रोशित ग्रामीण धरने पर बैठ गए और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की।
पूर्व ग्राम प्रधान जितेंद्र पाठक और ग्रामीणों के अनुसार भगवनिया तालाब के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर गांव के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। शनिवार रात शयन पूजा के बाद पुजारी मंदिर में ताला बंद कर घर चले गए। रविवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त में जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो शिवलिंग गायब था, जबकि उसका अरघा वहीं मौजूद था।

वहीं हनुमानजी की प्रतिमा को हथौड़े अथवा पत्थर से क्षतिग्रस्त किए जाने के निशान मिले। मंदिर में लगा पुराना घंटा भी गायब था। इसके अलावा मंदिर परिसर में कुछ विवादित शब्द लिखे मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और धरने पर बैठकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस मौके पर अशोक पाठक, रामकेश, भोला पाठक, प्रदीप मिश्रा, मुन्ना, सतेंद्र, श्यामबिहारी पाठक, श्यामाचरण पाठक आदि मौजूद रहे।
