संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय….

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का जन्मोत्सव समारोह रविवार को चोपन बस स्टैंड पर भव्य रूप से मनाया गया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक संघर्षों को याद किया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने एक साधारण किसान परिवार से निकलकर सामंतवादी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष किया।

उन्होंने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसानों, व्यापारियों, छात्रों, नौजवानों और महिलाओं को समाज में सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. राम मनोहर लोहिया के सानिध्य में किसानों के नहर रेट आंदोलन के दौरान वे दो वर्षों तक जेल में भी रहे। जेल से रिहा होने के बाद भी उन्होंने गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष किया।

वक्ताओं ने कहा कि तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए नेताजी ने प्रदेश के विकास और सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। देश के रक्षा मंत्री के रूप में उनके ऐतिहासिक निर्णय को भी याद किया गया, जिसके तहत शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की गई थी।