ब्यूरो@जे0 के0…
दो दिनों से खराब थी तबीयत, चोपन-ओबरा के बीच बिगड़ी हालत; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Sonbhadra। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए एक युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बिहार में धान की कटाई करने गए 27 वर्षीय किशन बारी की घर लौटते समय रास्ते में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के मेड़रदह निवासी किशन बारी (27) बिहार में धान की कटाई के काम के लिए गया था। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। इस दौरान उसका इलाज भी कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे वापस घर लाया जा रहा था।

बताया जाता है कि चोपन और ओबरा के बीच पहुंचते ही उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। साथ मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार परिजन कर रहे थे, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद मेड़रदह गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।