संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

म्योरपुर थाने की कमान संभालते ही नवागत थाना प्रभारी रामसिंहासन शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। रविवार को स्थानीय थाना परिसर में क्षेत्रीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक कर उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सहयोग की अपील की।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की समस्याओं तथा गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों का उद्देश्य समाज की भलाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाना है। बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने में मदद मिलेगी।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध शराब के कारोबार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही भरोसा दिलाया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पक्ष समाधान कराया जाएगा।

बैठक में ये पत्रकार रहे मौजूद: अशोक दुबे, राजीव, अमिताभ मिश्रा, सत्यपाल सिंह, रविशंकर अग्रहरि, विकास सिंह, शारदा प्रसाद, पंकज सिंह, अजीत कुमार, संदीप अग्रहरि, मुकेश सोनी, बाबूलाल शर्मा और प्रशांत दुबे।