संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर हित चिंतक अभियान के तहत रविवार को राधा-कृष्ण मंदिर के सत्संग भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़ और मुख्य वक्ता क्षेत्र गौ सेवा प्रमुख प्रेम शंकर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रेमशंकर ने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन हिंदू समाज के संगठन, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक एकता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज को एकजुट करने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए लगाया। उनके विचार और कार्य आज भी युवाओं तथा समाज के लोगों को प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि हित चिंतक अभियान के माध्यम से विश्व हिंदू परिषद समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना भी है।

मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने अशोक सिंघल के योगदान को याद करते हुए सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि मानसिंह गोंड़ ने भी समाजहित में संगठित प्रयासों की आवश्यकता बताई।
बजरंग दल के प्रांत सहसंयोजक संदीप गुप्ता ने युवाओं से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अभियान को सफल बनाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया गया।

इस मौके पर विहिप के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह, दीपकृष्ण महाराज,उपाध्यक्ष मनोज सिंह,बजरंग दल के प्रांत सहसंयोजक संदीप गुप्ता,हरिराम शाह, विजय सिंह, मनीष मिश्रा, वीरेंद्र सोनी, आदि रहे।