ब्यूरो@जे0 के0…..
सायरन बजने से लेकर घायलों के रेस्क्यू और अस्पताल पहुंचाने तक का हुआ अभ्यास, डीएम-एसपी रहे मौजूद

Sonbhadra। शासन के निर्देश पर रविवार को पुलिस लाइन चुर्क में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में सिविल डिफेन्स एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की गई। इस दौरान हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर प्रशासन की तैयारियों को परखा गया।

मॉक एक्सरसाइज में हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाने, ब्लैकआउट की स्थिति बनाने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तथा ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय जवाबदेही और बेहतर समन्वय से जनहानि को न्यूनतम किया जा सकता है। मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक आपात स्थिति के लिए प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को तैयार करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों का आकलन कर तत्काल सुधार किया जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं को टीम भावना से कार्य करना होगा। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित होमगार्ड्स को भी नियमित अभ्यास कराया जाए।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि आपातकालीन चेतावनी मिलने पर घबराएं नहीं, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं से बचें तथा आपदा प्रबंधन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता, प्रभावी सूचना तंत्र और अन्य विभागों के साथ समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे अभ्यास से बचाव दलों की कार्यक्षमता बढ़ती है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।