संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— अपराध पर अंकुश और कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखना प्राथमिकता, पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

म्योरपुर थाने के नवागत थाना अध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की बात कही।
जितेंद्र सरोज ने कहा कि थाने आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खासकर गरीब और असहाय लोगों को अपनी शिकायत के समाधान के लिए भटकना न पड़े, इसका ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।

अपराध नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने शांति और सुरक्षा व्यवस्था को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
थाना अध्यक्ष ने पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने पर जोर देते हुए लोगों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से क्षेत्र की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी ली। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन को सुरक्षा का भरोसा और पीड़ित को न्याय की उम्मीद मिले।
