मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..इनर व्हील क्लब ‘आर्या’ ने जय ज्योति इंटर कॉलेज में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, सैनिटरी पैड भी बाटे

इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज ‘आर्या’ की ओर से जय ज्योति इंटर कॉलेज, चुर्क में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।

इस दौरान छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी जरूरी जानकारियां देते हुए सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग, उन्हें नियमित अंतराल पर बदलने तथा इस्तेमाल किए गए पैड के उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया।

क्लब की अध्यक्ष रितु अग्रवाल ने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज में इसे लेकर कई तरह की भ्रांतियां और झिझक बनी हुई हैं। जरूरत है कि किशोरियों को सही उम्र में सही जानकारी दी जाए, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं को साझा कर सकें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बरतना बेहद जरूरी है और इसके प्रति जागरूकता ही स्वस्थ भविष्य की नींव है।

वहीं, क्लब की सचिव नीलू अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। जानकारी के अभाव में कई बार किशोरियां अपनी परेशानियों को छिपाती हैं। ऐसे में उन्हें खुलकर बात करने और स्वास्थ्य संबंधी सही आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। क्लब आगे भी बालिकाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों के मन से मासिक धर्म को लेकर झिझक दूर करना और उन्हें जागरूक बनाना रहा। इनर व्हील क्लब ‘आर्या’ महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर पूर्वाध्यक्ष वंदना वर्मा, विद्यालय की प्रिंसिपल अमिता पाण्डेय, शिक्षिकाएं अनुपमा, महिमा राय, सौम्या सिंह, श्वेता, चंद्रकला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।