संवाददाता@आनंद गुप्ता……

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के संगठनात्मक प्रवास के तहत विंढमगंज मंडल में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिला मंत्री रूपा गुप्ता के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

प्रवास के दौरान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा, महामंत्री तारा देवी, छत्तीसगढ़ से आईं प्रवासी विस्तारक पार्वती जी तथा दुद्धी से पहुंचीं रिंकी जी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। नवनियुक्त जिला मंत्री रूपा गुप्ता ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उनके आगमन पर आभार जताया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों, मंडल में संचालित गतिविधियों तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा एवं महामंत्री तारा देवी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

बैठक में महिला मोर्चा की आगामी कार्ययोजनाओं, संगठन विस्तार और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

नवनियुक्त जिला मंत्री रूपा गुप्ता ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर विमला देवी सहित महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।