ब्यूरो@जे0 के0…..
व्यापारी और प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग, दोनों पक्षों को समान अवसर देने की अपील

Sonbhadra। श्रद्धा सबुरी ढाबा प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने निष्पक्ष जांच और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ढाबा संचालक विनोद जायसवाल और उनके प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम बभनौली, तहसील रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रद्धा सबुरी ढाबे पर 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे कुछ लोगों के साथ कथित तौर पर विवाद, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटना हुई थी। ढाबा संचालक के अनुसार, प्रतिष्ठान में शराब पीने से मना करने पर विवाद हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि ढाबे में न तो शराब की बिक्री होती है और न ही इसे परोसने की व्यवस्था है।

व्यापारी संगठन ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, ढाबे के संचालन, भूमि उपयोग और वैधानिक अनुमतियों से जुड़ी शिकायतों पर भी संगठन ने प्रशासन से निष्पक्षता बरतने की अपील की।

जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई केवल उपलब्ध साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर होनी चाहिए। यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी की आजीविका, प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान की सुरक्षा करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

संगठन ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कराने, दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का समान अवसर देने तथा व्यापारी के प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान राजेश जायसवाल, पंकज कनोडिया, शरद जायसवाल, कृष्णा सोनी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।