संवाददाता@आनंद गुप्ता…..
तीन राज्यों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जुटेगा जमावड़ा, 800 सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी की चोटी पर पहुंचते हैं लोग

विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के जाताजुआ, जोरूखाण्ड और महुली गांवों की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण जोरमा पहाड़ी पर देव दीपावली के अवसर पर कार्तिक पूर्णिमा (24 नवंबर) को भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

जोरमा पहाड़ी पर लगने वाला यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी खास पहचान रखता है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु पूजा-पाठ करने के साथ धार्मिक कथाओं का श्रवण करते हैं। वहीं पर्यटक पहाड़ी की ऊंचाई से तीन राज्यों की प्राकृतिक छटा का आनंद लेते हैं।
करीब 1000 फीट ऊंची इस पहाड़ी पर पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 800 सीढ़ियों और घुमावदार रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। पहाड़ी की खड़ी सीढ़ियां और दुर्गम रास्ते अपने आप में रोमांच का अनुभव कराते हैं। चोटी पर पहुंचने के बाद पूर्व दिशा में झारखंड, दक्षिण दिशा में छत्तीसगढ़ और पश्चिम दिशा में कन्हर नदी के किनारे बसे डुमरा, जोरकहू सहित आसपास के गांवों का मनोरम दृश्य दिखाई देता है।

प्रकृति की गोद में बसी जोरमा पहाड़ी से दिखने वाला विहंगम नजारा लोगों को सुकून और आकर्षण का अनुभव कराता है। यही वजह है कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर यहां लगने वाले मेले में तीन राज्यों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। देव दीपावली पर इस बार भी जोरमा पहाड़ी श्रद्धा, भक्ति और प्राकृतिक सौंदर्य के संगम की गवाह बनने जा रही है।