ब्यूरो@जे0 के0…..
सोनभद्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे उठाए जाएंगे

Sonbhadra। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ के माता रमाबाई अंबेडकर पार्क में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के तत्वावधान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। रैली में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महारैली की तैयारियों और उद्देश्यों को लेकर सोनभद्र में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी।

प्रेसवार्ता में लीगल सेल जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव ने कहा कि सोनभद्र की कई प्रमुख समस्याएं और मांगें लंबे समय से लंबित हैं। भाजपा सरकार में गरीब, अति गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को महारैली के मंच से प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि संविधान में मिले अधिकारों के अनुरूप समाज के वंचित तबकों को उनका हक और सम्मान मिलना चाहिए।

जिलाध्यक्ष रविकांत ने कहा की आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरणों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के माध्यम से मुस्लिम, दलित और बहुजन समाज को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा है कि मुस्लिम समाज की करीब 20 से 21 प्रतिशत आबादी और दलित-बहुजन वर्ग की राजनीतिक भागीदारी के आधार पर प्रदेश में नई राजनीतिक ताकत खड़ी की जा सकती है। संगठन ने चंद्रशेखर आजाद को भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेश करते हुए सत्ता में हिस्सेदारी का लक्ष्य भी बताया।

इस दौरान बहुजन समाज पार्टी की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की गई। रविकांत ने कहा कि पिछले कुछ चुनावों में बसपा का जनाधार और वोट प्रतिशत घटा है। उनके मुताबिक, अब बहुजन समाज अपने अधिकारों और हितों की लड़ाई को लेकर नए राजनीतिक विकल्प की ओर देख रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर को लखनऊ पहुंचकर महारैली को सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर जिला प्रभारी एड. रविशंकर, मिडिया प्रभारी चंद्रशेखर, जिला उपाध्यक्ष उमाकांत राव, सौरभ मौर्य, अनुराग मौर्य, हीरालाल, अशोक सहित अन्य उपस्थित थे।