संवाददाता@उपेंद्र तिवारी….

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम हुए दो अलग अलग सड़क हादसों में कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पहली घटना एनएच39 स्थित बीड़र गांव के चौराहे पर सोमवार दोपहर करीब 4 बजे साइकिल और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में साइकिल सवार समेत कुल तीन लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीड़र गांव के वार्ड नंबर 11 निवासी रामलाल चेरो (55) पुत्र स्व. आनंदी रजखड़ गांव की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीड़र चौराहे के मोड़ पर उन्होंने अचानक साइकिल मोड़ दी, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी उनसे टकरा गई।

स्कूटी पर रजखड़ निवासी अंशु (16) पुत्र शंकर नारायण अपने ममेरे भाई राजीव कुमार (17) पुत्र रवि कुशवाहा निवासी पनझरीकला थाना विश्रामपुर पलामू (झारखंड) के साथ सवार होकर रजखड़ से दुद्धी की ओर जा रहे थे।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी दुद्धी भिजवाया। चिकित्सकों के मुताबिक साइकिल सवार रामलाल चेरो को पैर और चेहरे पर मामूली चोटें आई हैं, ।

वहीं स्कूटी सवार अंशु को पैर व हाथ में और राजीव कुमार को हाथ में मामूली चोटें आई हैं।वहीं दूसरी घटना में सुंदरी निवासी अनिल (26) पुत्र ईश्वरी प्रसाद सोमवार शाम करीब 5 बजे कहीं से घर की तरफ आ रहे थे। घर से करीब 500 मीटर पहले ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई है और जबड़ा टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया।