मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज (एएसएमसी), सोनभद्र के मेडिसिन विभाग की ओर से सोमवार को मेडिकल कॉलेज के एल-2 भवन में फाइब्रोस्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 40 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया और लिवर से संबंधित जांच कराई।

शिविर में फैटी लिवर, लिवर फाइब्रोसिस और लिवर की अन्य बीमारियों की जांच आधुनिक फाइब्रोस्कैन तकनीक से की गई। यह जांच बिना दर्द और बिना किसी चीरे के की जाती है। इसके माध्यम से लिवर में जमा फैट और उसकी कठोरता की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलती है।

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने बताया कि फाइब्रोस्कैन जांच से लिवर की बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करने में मदद मिलती है। समय रहते बीमारी का पता चलने पर उचित उपचार और जीवनशैली में बदलाव के जरिए गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी कि मोटापा, मधुमेह और फैटी लिवर की समस्या को नजरअंदाज न करें। संतुलित खानपान अपनाएं, तली-भुनी और अधिक वसायुक्त चीजों से परहेज करें तथा नियमित व्यायाम करें। लिवर संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें और आवश्यकतानुसार जांच कराएं।

मेडिसिन विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों को लिवर की बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।