संवाददाता@विशाल टंडन…..

शनिवार को रॉबर्ट्सगंज के पंन्नुगंज रोड स्थित विजयगढ़ पेट्रोल पंप के सामने वर्षों से जर्जर हालत में खड़े बिजली के खंभे से संभावित हादसे की खबर “Sonbhadra Live News” पर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।

विभाग के निर्देश पर रविवार को विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुराने जर्जर लोहे के खंभे पर लगे बिजली के तारों को पास में लगाए गए नए सीमेंट पोल पर स्थानांतरित कर दिया।

हालांकि, जर्जर लोहे का पुराना खंभा अभी मौके पर ही मौजूद है। इस संबंध में अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली के तारों को नए पोल पर स्थानांतरित करने का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा पुराने जर्जर खंभे को भी जल्द ही हटवा दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने कहा कि तारों के नए पोल पर शिफ्ट होने से संभावित खतरा काफी हद तक कम हुआ है। वहीं लोगों ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द ही पुराने जर्जर खंभे को भी हटाकर समस्या का स्थायी समाधान करेगा। उन्होंने जनहित के मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए बिजली विभाग की कार्रवाई की सराहना की।





