मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में शनिवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना है। घटना के समय वह चार माह की गर्भवती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार प्रियंका यादव 22, पत्नी संजय यादव, मूल रूप से डाला की निवासी थीं। दोनों ने करीब आठ माह पहले परिवार वालों के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था और पिछले दो महीने से भलुआ टोला में किराये के मकान में रह रहे थे। मूल रूप से कर्मचारियों का रहने वाला संजय ओबरा परियोजना में मजदूरी का कार्य करता है।
मृतका की बहन आरती के अनुसार शनिवार दोपहर खाना खाने के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मृतका की बहन आरती ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था और पति कथित रूप से धमकी देता था कि वह उसे छोड़ देगा या जान से मार देगा। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने दोनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद संजय ड्यूटी पर चला गया।

कुछ देर बाद खिड़की से देखने पर प्रियंका फंदे से लटकी मिली।
परिजन उसे तत्काल ओबरा परियोजना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परियोजना अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल लाने वाले व्यक्ति ने पहले कहा कि महिला छत से गिर गई थी, लेकिन जांच के दौरान शरीर पर गिरने जैसी कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली। वहीं गले पर फंदे का निशान पाया गया, जिसके बाद मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





