संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

म्योरपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दीं। देवरी-पिंडारी मार्ग पर बनमहरी गांव के पास चलती बाइक में महिला की साड़ी पिछले पहिए में फंस गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों मासूम बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देवरी गांव निवासी हीरामती (45) अपनी बेटी मंजू (30) के ससुराल पिंडारी गई थीं। वहां से वह अपने दामाद सूरज (35) और नाती कृष्णा (7) व आदित्य (5) के साथ एक ही बाइक से देवरी लौट रही थीं।

बताया जा रहा है कि बनमहरी गांव के पास पहुंचते ही मंजू की साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार सभी पांच लोग घायल हो गए, जबकि आगे बैठे दोनों मासूम बच्चों को गंभीर चोटें आईं।
इस घटना ने परिवार के जख्म और गहरे कर दिए हैं। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही मंजू की 8 वर्षीय बेटी का निधन हो गया था। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि यह हादसा हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।






