संवाददाता@आनंद गुप्ता……

विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव के झझरी टोला रेलवे ट्रैक पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय शिव कुमार पुत्र स्वर्गीय गुड्डू कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव कुमार सोमवार की शाम किसी काम से रेलवे लाइन के पास गया था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी जानकारी विंढमगंज पुलिस को दी।

बताया जाता है कि लगभग 10 वर्ष पूर्व इसी स्थान पर शिव कुमार के पिता गुड्डू कुमार की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। अब उसी जगह पुत्र की मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण इस घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
सूचना पर पहुंची विंढमगंज थाना प्रभारी रवि कांत मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।





