मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…….

ओबरा तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को तहसील अधिवक्ता संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुलाकात किया। मुलाकात के दौरान राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, न्यायिक प्रक्रिया में तेजी और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिवक्ता संघर्ष समिति के संयोजक उमेश चंद शुक्ला ने कहा कि अधिवक्ता और प्रशासन का साझा उद्देश्य आम नागरिक को समय पर न्याय और राहत प्रदान करना है। उन्होंने नवागत एसडीएम को समिति की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। समिति के दिनेश पांडेय ने तहसील में फाइलों के निस्तारण, पैमाइश, दाखिल-खारिज और उत्तराधिकार जैसे कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इससे वादकारियों को बार-बार तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।एसडीएम रवि कुमार पासवान ने आश्वासन दिया कि उनका प्रयास रहेगा कि तहसील का कामकाज पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ हो।उन्होंने अधिवक्ताओं को न्याय व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके सुझावों को प्रशासन गंभीरता से लेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व और न्यायिक कार्यों में किसी भी प्रकार के विलंब या अव्यवस्था की स्थिति में अधिवक्ता संघर्ष समिति सीधे उनके संज्ञान में ला सकता है। इसके लिए तहसील स्तर पर नियमित संवाद की व्यवस्था स्थापित की जाएगी। समिति ने तहसील स्तर पर कुछ समस्याओं जैसे तहसील परिसर मे रजिस्ट्री ऑफिस, बरसात के पानी का बहाव, सुरक्षा के दृष्टि से तहसील में सी सी टीवी कैमर , गेट आदि पर चर्चा किया।
वही तहसील के व्यवस्था पर बोलते हुए एसडीएम श्री पासवान ने कहा कि तहसील के समस्याओं का निस्तारण के लिए जल्द व्यवस्था कराई जाएगी।तहसील क्षेत्र में शांति बनाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में त्वरित संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान निकाला जा सकता है, जिसमें अधिवक्ता संघर्ष समिति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर एस के जैन ,संजय द्विवेदी, गजेंद्र यादव ,कमलेश यादव , सुशील पांडेय, डी के जौहरी, हरेन्द्र सिंह मनीष मिश्रा , अनुपम कुमार ,वीरेंद्र पांडेय,मनोज पाठक सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।





