संवाददाता@विशाल टंडन…..

पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने बताया कि एक कंपनी के अधिकारी द्वारा एक व्यापारी के साथ 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

वहीं 19 जुलाई को दोपहर करीब चार बजे शीतला मंदिर मेन चौक स्थित पुलिस बूथ के बगल से दिनदहाड़े सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की घटना का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती हैं और नगरीय क्षेत्र में नशेड़ियों व कबाड़ चोरों का आतंक कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। बैठक में रेनुकूट-म्योरपुर-बभनी क्षेत्र सहित पूरे जनपद में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई।

व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग से होटल और रेस्टोरेंटों का डोर-टू-डोर अग्नि सुरक्षा सत्यापन कर व्यापारियों को शीघ्र प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, किराना नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, नगर अध्यक्ष श्यामलाल केशरी, किराना नगर महामंत्री नंदलाल कुशवाहा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





