संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

चोपन थाना क्षेत्र के सलईबनवा स्थित अडानी सीमेंट कंपनी के मुख्य गेट पर स्थानीय युवाओं द्वारा रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहा क्रमिक धरना-प्रदर्शन गुरुवार देर रात प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
धरने पर बैठे युवाओं ने स्थानीय लोगों को कंपनी में रोजगार देने, क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने, कंपनी में कार्यरत श्रमिकों के लिए अकुशल, अर्द्धकुशल एवं कुशल श्रेणी के अनुसार मजदूरी निर्धारित करने, स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए नियमित जल छिड़काव कराने, वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सहित कुल 10 सूत्रीय मांगें रखी थीं।

गुरुवार रात करीब नौ बजे चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी, तहसीलदार ओबरा तथा कंपनी के सुरक्षा एवं सेफ्टी अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता हुई। वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन ने मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरनारत युवाओं ने अपना क्रमिक धरना समाप्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवाओं का कहना था कि क्षेत्र में संचालित उद्योगों में आसपास के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिलना चाहिए तथा कंपनी को सामाजिक दायित्वों के तहत क्षेत्र के विकास कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
धरना समाप्त होने के दौरान पंकज यादव, मुलायम सिंह, ओमप्रकाश, सोनू, अजय गोंड, रितेश, दीपक, राम केवल, चंद्रशेखर साहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।






