संवाददाता@विशाल टंडन…..
— कक्षा 9 से उच्च शिक्षण संस्थानों तक के विद्यार्थियों के लिए जारी हुई समय-सारिणी

वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति तथा शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत पात्र छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। कक्षा 9 से उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थी निर्धारित तिथियों में www.scholarshipup.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू होगी। आवेदन के बाद शिक्षण संस्थानों द्वारा सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से अग्रसारण की कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न स्तरों पर सत्यापन एवं स्वीकृति के बाद पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि जनवरी 2027 के अंतिम सप्ताह में भेजी जाएगी।

वहीं इंटरमीडिएट से ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन, सत्यापन एवं अग्रसारण की कार्रवाई समय से पूरा करने की अपील की है।





